सोनिया के नहीं लड़ने पर मोदी का हमला

सोनिया के नहीं लड़ने पर मोदी का हमला

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब सोनिया गांधी को निशाना बनाया है। उनके चुनाव नहीं लड़ने पर तंज करते हुए कहा कि जो नहीं जीत सकते थे वे मैदान छोड़ गए। उन्होंने सोनिया के राज्यसभा में जाने का जिक्र करते हुए उन पर हमला किया। प्रधानमंत्री मोदी ने जालौर में एक सभा संबोधित करते हुए कांग्रेस को निशाना बनाया और कहा कि कांग्रेस ने 60 साल तक राज किया लेकिन लोग छोटी छोटी चीजों के लिए तरसते रहे। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार के जरिए देश को खोखला बना दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- अस्थिरता की प्रतीक कांग्रेस पार्टी और उनका कुनबा देश को चला सकता है क्या? आज कांग्रेस की जो हालत हुई है, उसकी गुनहगार वो खुद है। कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल का नाम लिए बिना कहा- देखिए आपके यहां से राज्यसभा में कांग्रेस के एक नेता दक्षिण के हैं, उन्हें भेजा। कभी उन्होंने एक भी बार राजस्थान की बात कही है। आपने उदारतापूर्वक भूतपूर्व पीएम मनमोहन सिंह को सम्मान में राजस्थान से राज्यसभा में भेजा। वो काफी समय बीमार रहे। क्या कभी राजस्थान में आपने उन्हें फिर से भेजा।

सोनिया गांधी का हवाला देते हुए मोदी ने कहा- अब उनके एक और नेता को बचाने की कोशिश की राजस्थान वालों ने। जो लोग चुनाव नहीं लड़ सकते, चुनाव जीत नहीं सकते, मैदान छोड़ कर इस बार राजस्थान से राज्यसभा में आए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा- कांग्रेस के इतने हाल खराब हैं भाइयों। अब देखिए कांग्रेस ने देश पर 60 साल तक राज किया। इसी कांग्रेस ने हमारी माताओं, बहनों को शौचालय, घरेलू गैस, बिजली, पानी, बैंक अकाउंट जैसी छोटी-छोटी चीजों के लिए तरसाया। इसी कांग्रेस ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार का दीमक फैलाकर देश को खोखला कर दिया और उनके इन्हीं पापों की सजा देश कांग्रेस को दे रहा है। देश का युवा इतने गुस्से में है कि वो दोबारा कांग्रेस का मुंह नहीं देखना चाहता।

प्रधानमंत्री मोदी ने जालौर के भीनमाल में रविवार को एक जनसभा में कहा- जिस पार्टी ने कभी चार सौ सीटें जीती थीं, आज वो तीन सौ सीट पर चुनाव नहीं लड़ पा रही है। आज कांग्रेस की हालत ये है कि उन्हें उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। इन्होंने अवसरवादी इंडी अलायंस बना लिया है। उसकी पतंग उड़ने से पहले कट गई है। उन्होंने कहा- कहने को तो गठबंधन है, लेकिन अब हालत देखिए। कई राज्य हैं, जहां ये गठबंधन वाले ही आपस में लड़ रहे हैं। मोदी ने कहा- इस लोकसभा के चुनाव में देश में पच्चीस प्रतिशत सीटें ऐसी हैं, जहां ये गठबंधन के लोग एक दूसरे को मारने-काटने में लगे हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें